चमोली! बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुहेड के पास यात्रा बस व ट्रक की जोरदार भिड़ंत……
@हिंवाली न्यूज़ ब्यूरो (13 मई 2026)
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर बुधवार को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे कुहेड़ के पास एक ट्रक और यात्रियों को बदरीनाथ धाम ले जा रही बस में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पांच तीर्थयात्रियों को चोटें आई हैं। जिनमें से चार को एंबुलेंस से उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग और एक घायल को जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर से करीब तीन घंटे का जाम लग गया। इससे तीर्थयात्रियों का यात्रा शेड्यूल भी बिगड़ गया।
कुहेड़ के पास हाईवे पर एक तीखा मोड़ है। यहां पर तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ की यात्रा पर ले जा रही बस की विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से जोरदार भिडंत हो गई। वाहनों की टक्कर होने पर तीर्थयात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना में बस में पांच यात्री घायल हुए हैं।