मैठाणा कीवी प्लांटेशन में लगी भीषण आग, किसानों को भारी नुकसान…
@हिंवाली न्यूज़ ब्यूरो (28 मई 2026)
चमोली। जनपद के मैठाणा क्षेत्र में लगी भीषण आग ने अब बागवानी को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। आग की लपटों से मैठाणा स्थित कीवी प्लांटेशन को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि आग तेजी से फैलती हुई प्लांटेशन क्षेत्र तक पहुंच गई, जिससे बड़ी संख्या में कीवी के पौधे और आसपास की वनस्पति जलकर नष्ट हो गई।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा और सूखे मौसम के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इस घटना से बागवानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं वन विभाग की टीमें आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास में जुटी हुई हैं।