नदी किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस….
@हिंवाली न्यूज़ ब्यूरो (17 जून 2026)
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित गौरीकुंड क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव नदी किनारे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और शव को दुर्गम क्षेत्र से निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को प्रातः लगभग 5:30 बजे एक घोड़ा संचालक ने गौरीकुंड छोटी पार्किंग के समीप नदी किनारे एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सोनप्रयाग की टीम ने कोतवाली सोनप्रयाग को अवगत कराया और निरीक्षक अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची SDRF टीम ने देखा कि एक व्यक्ति नदी किनारे मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। टीम ने आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ शव को स्ट्रेचर की सहायता से दुर्गम क्षेत्र से मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के हवाले कर दिया गया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा मामले की जांच जारी है।