@हिंवाली न्यूज़ ब्यूरो (12 नवंबर 2026)
बदरीनाथ धाम में पंच पूजाओं का शुभारंभ, गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद; 16 नवंबर को बंद होंगे बदरीविशाल के कपाट
चमोली। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम की यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद अब बदरीनाथ धाम में भी शीतकालीन कपाटबंदी की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में पंच पूजाओं के शुभारंभ के साथ पहले दिन भगवान गणेश मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
भगवान बदरीविशाल के कपाट आगामी 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शुभ मुहूर्त में बंद किए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा।
यात्रियों की संख्या ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड
इस वर्ष बदरीनाथ धाम की यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। दर्शनार्थियों की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इससे पहले बदरीनाथ धाम में सर्वाधिक 18 लाख 40 हजार श्रद्धालुओं के दर्शन का रिकॉर्ड था, जबकि इस वर्ष 11 नवंबर तक ही 22 लाख 70 हजार 224 श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं।
खास बात यह है कि यात्रा समाप्त होने में अभी पांच दिन शेष हैं। इसके बावजूद प्रतिदिन 14 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। कड़ाके की ठंड और प्रतिकूल मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हो रहा है। बड़ी संख्या में भक्त भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
पंच पूजाओं के साथ शुरू हुई कपाटबंदी की प्रक्रिया
भू-वैकुंठ बदरीनाथ धाम में वैदिक परंपराओं और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार पंच पूजाओं की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रावल अंबरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयवर सेमवाल, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ और डॉ. हरीश गौड़ की मौजूदगी में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।
पंच पूजा के पहले दिन सुबह भगवान गणेश की मूर्ति को उनके परिसर स्थित मंदिर से लाकर मुख्य गर्भगृह में विराजमान किया गया। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
16 नवंबर को बंद होंगे बदरीविशाल के कपाट
पंच पूजा के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए वेदपाठी डॉ. अमित बंदोलिया ने बताया कि पंच पूजा के दूसरे दिन आदि केदारेश्वर और आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। तीसरे दिन यानी 14 नवंबर को वेद ऋचाओं का वाचन औपचारिक रूप से बंद हो जाएगा।
इसके बाद 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में प्रवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। पंच पूजा के अंतिम दिन 16 नवंबर को रात ठीक 9 बजकर 37 मिनट पर शुभ मुहूर्त में भगवान बदरीविशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने के साथ ही बदरीनाथ धाम में छह माह की शीतकालीन पूजा व्यवस्था शुरू हो जाएगी और इस वर्ष की बदरीनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो जाएगा।
